रोहतास पत्रिका/सासाराम। NTPC एवं RRB के रिजल्ट में हुए धांधली तथा ग्रुप डी की परीक्षा में मेंस का एग्जाम लिए जाने को लेकर शुक्रवार को देशव्यापी छात्रों का आंदोलन के तहत रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में भी विभिन्न छात्र संगठन के साथ-साथ तीसरा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जमकर धरना प्रदर्शन किया। हालांकि जिला मुख्यालय में शांतिपूर्ण माहौल में धरना एवं प्रदर्शन किया गया।

सासाराम रेलवे स्टेशन पर अखिल भारतीय छात्र संगठन एवं भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण धरना एवं प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष अमित पासवान ने कहा कि सरकार अब छात्रों की हकमारी भी कर रही है। सभी विभागों को बेचा जा रहा है। उसके बाद अब ग्रुप डी की परीक्षा में भी मेंस का एग्जाम लिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि एनटीपीसी और आरआरबी की परीक्षा में धांधली करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार हमारी मांगे नहीं मानती है तो यह प्रदर्शन और वृहत पैमाने पर करेंगे।

सासाराम पोस्ट ऑफिस चौराहे पर तीसरे मोर्चा के विभिन्न पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने छात्रों के समर्थन में धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे नेताओं ने कहा कि केंद्र के साथ-साथ बिहार की सरकार मनमाने तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया तो यह आंदोलन और भी भयंकर होगा।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्रों द्वारा अपना हक मांगे जाने पर उनकी बेरहमी से पिटाई की गई जिसे हम लोग कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। मौके पर सासाराम राजद विधायक राजेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष गिरजा चौधरी, जिला प्रधान महासचिव राज किशोर सिंह, युवा राजद जिलाध्यक्ष जितेंद्र नटराज, युवा प्रधान महासचिव लुकमान फरहान के अलावा शिवम कुशवाहा, मीडिया प्रभारी अजय यादव कलेक्टर, सोनू यादव के अलावा ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन के पूर्व राज्य अध्यक्ष डॉक्टर सुधीर कुमार, सचिव रविशंकर प्रसाद, प्रवीण पासवान एवं भगत सिंह छात्र नौजवान सभा के मनीष रजक, कामरेड सोनू दबंग, राजेश कुमार साह, विंध्याचल पासवान, राधेश्याम पासवान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

देशव्यापी छात्रों के एकदिवसीय आंदोलन में विभिन्न राजनीतिक दलों एवं छात्र संगठनों का समर्थन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से पहले से ही तैयारी कर लिया था। रेलवे परिसर से लेकर पोस्ट ऑफिस चौक के अलावा कलेक्ट्रेट गेट तक पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। हालांकि इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। सभी पार्टियों ने शांतिपूर्ण तरीके से छात्रों के समर्थन में धरना प्रदर्शन किया
क्या कहते है अधिकारी
सासाराम एसडीएम मनोज कुमार ने बताया कि भारत बंदी को लेकर प्रशासन द्वारा तैयारी पहले ही कर ली गई थी और पुलिस प्रशासन पहले से ही अलर्ट थी। उन्होंने कहा कि सभी जगह पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी। एसडीम ने बताया कि प्रदर्शनकारियों द्वारा कहीं भी सरकारी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाई गई है। काफी बेहतर तरीके से उन लोगों को समझाया गया और उन लोगों ने भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन में सहयोग किया।


