रोहतास पत्रिका/नोखा: नोखा थानाक्षेत्र के दुधार गांव में मंगलवार की सुबह में बच्चों के बीच हुए झगड़े को लेकर बड़े लोगों के बीच मारपीट हो गई। जिसमें अत्यधिक चोट लगने के कारण एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दुधार गांव के निवासी श्रीभगवान शर्मा के पुत्र कृष्णा शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार दुधार गांव के निवासी श्रीभगवान शर्मा के पुत्र कृष्णा शर्मा पर मंगलवार की सुबह में चाचा विश्वामित्र शर्मा ने बच्चों के मामले को लेकर लाठी से हमला कर दिया। कृष्णा शर्मा के सिर पर लाठी से गहरी चोट लगने से वह बेहोश होकर गिर पड़ा। जिसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में पीएचसी नोखा में ले गए, जहां डॉक्टर ने कृष्णा शर्मा को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, मारपीट में जख्मी हुए मृतक के भाई राधेश्याम शर्मा का पीएचसी में इलाज चल रहा है। कृष्णा शर्मा की मौत की खबर मिलते ही उसका हमलावर चाचा विश्वामित्र शर्मा उर्फ विशा शर्मा परिजनों के साथ घर छोड़कर फरार हो गया। इस घटना की सूचना पर दुधार गांव में पहुंचे थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने मामले की तहकीकात शुरू कर दिए है। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।
Source: Hindustan


