Rohtas Patrika/Sasaram: लोगों को शत प्रतिशत टीकाकरण कराने को लेकर लगातार सरकार अभियान चला रही है। विभिन्न अभियानों के तहत लोगों को टीकाकरण किया जा रहा है। इसी के तहत मंगलवार को राज्यव्यापी महा ग्राम पंचयात सभा की बैठक करके वंचित लोगों को टीकाकरण किया गया। इसी के तहत रोहतास जिले में कुल 229 पंचायतों में अभियान चलाकर लोगों को टीकाकरण किया गया।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आम सभा की बैठक की गई और टीकाकरण से वंचित लोगों का टीकाकरण किया गया। राज्य स्वास्थ समिति के निर्देश पर अभियान चलाया गया। अभियान में 60 वर्ष के लोगों को बूस्टर डोज लगाया गया। वही 15 सेव18 वर्ष वाले बच्चों को प्रथम डोज एवं दूसरे डोज का समय पूर्ण हो चुके बच्चों को दूसरे डोज का टीकाकरण किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने निभाया अपना दायित्व
जिले में आयोजित आम सभा बैठक के दौरान वंचित लोगों को टीकाकरण कराने में जिले के जनप्रतिनिधियों ने अपने दायित्व को समझते हुए अहम भूमिका निभाया। जनप्रतिनिधियों में मुखिया, उप मुखिया, वार्ड सदस्यों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में अपना भरपूर योगदान दिया। सासाराम प्रखण्ड प्रमुख कौशल्या देवी देवी ने बताया कि पंचायतों के विकास के साथ साथ लोगो को स्वास्थ्य के प्रति सजग करना भी हम सभी का दायित्व बनता है और इसमे सबका सहयोग अनिवार्य है।
क्या कहते है अधिकारी
रोहतास जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ आर के पी साहू ने बताया कि जिले में सभी पंचायतों में आम सभा कर के लोगों को टीकाकरण किया गया। साथ ही साथ सभी को टेलीमेडिसिन के बारे में भी जानकारी दी गई और सभी जनप्रतिनिधियों को ई संजीवनी एप्प भी डाऊनलोड कराया गया। डॉ साहू ने बताया कि इस अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ साथ आम लोगों की भी काफी सहयोग मिला।
डॉ. साहू ने बताया कि जल्द से जल्द शत-प्रतिशत लोगों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित कराने के लिए पंचायतीराज के तमाम जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य व्यक्ति का भी सहयोग जरूरी है। इसी उद्देश्य से आम सभा के दौरान मेडिकल टीम द्वारा लोगों को वैक्सीनेशन के लिए जागरूक किया जा रहा है। ताकि जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिल सके और सामुदायिक स्तर पर लोग जागरूक हो सके।