अगली खबर

Sadar Hospital Sasaram

रोहतास पत्रिका/सासाराम: राज्य सरकार सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने को लेकर लगातार प्रयासरत है। लोगों को अधिक से अधिक स्वास्थ्य सुविधा मिले इसके लिए सरकारी अस्पतालों को सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। जांच सुविधओं की बात की जाए तो पैथोलॉजी से लेकर अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, एमआरआई सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं । हालांकि इन सुविधाओं के बीच विभागों के अनियमित संचालन की वजह से लोगों को कभी कभी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इधर जिला स्वास्थ्य समिति इन समस्याओं को दूर करने में लगा हुआ है।

  • सासाराम प्रखण्ड के मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सचिव संजीव मोहन ने कहा कि सरकारी अस्पताल में पहले से सुविधाएं बेहतर हो रही हैं लेकिन इन सुविधाओं को और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में खासकर सदर अस्पताल में यदि प्रसव के दौरान गर्भवती महिला की स्थिति बिगड़ने लगती है तो उसे रेफर कर दिया जाता है। इसके अलावा सदर अस्पताल में बनाया गया ट्रामा सेंटर भी रेफरल अस्पताल की तरह कार्य कर रहा है। इमरजेंसी स्थिति में मरीज को वाराणसी रेफर कर दिया जाता है। आवश्यकता है ऐसे मामलों का सरकारी अस्पतालों में ही बेहतर इलाज उपलब्ध हो ताकि गरीब लोगों को असुविधा ना हो। साथ ही साथ साफ सफाई पर और ध्यान देने की जरूरत है।
  • मरीज का इलाज कराने सदर अस्पताल पहुँचे शिवसागर प्रखण्ड के सोनहर गाँव निवासी अवध बिहार पांडे ने बताया कि कुछ वर्ष पहले सरकारी अस्पताल में ज्यादा व्यवस्था नहीं थी लेकिन अब पहले की अपेक्षा काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था सुधारने के बावजूद भी कुछ जांच में विभाग द्वारा लापरवाही बरती जा रही है इसमें सुधार करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कुछ कमियों को दूर किया जाए जिससे लोगों को फायदा होगा।

एक छत के नीचे मिलेगी कई हाई टेक स्वास्थ्य सुविधा

डीपीसी संजीव मधुकर ने बताया कि बिहार के 8 जिलों के अस्पताल को मॉडल अस्पताल के रूप में चयनित किया गया है। जिसमें सदर अस्पताल भी शामिल है। उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में 100 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेंटर (एमसीएच) एवं 10 बेड का पेडियाट्रिक इंसेंटिव केयर यूनिट का भी निर्माण करवाया जा रहा है। डीपीसी ने बताया कि सासाराम सदर अस्पताल में एक ही छत के नीचे कई सारी हाई टेक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होगी।

स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने का लगातार प्रयास जारी

रोहतास सिविल सर्जन डॉ के एन तिवारी ने बताया कि सासाराम सदर अस्पताल को मॉडल अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। कई सुविधाओं को बढ़ाने के लिए भवन निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि लगभग 56 करोड़ की लागत से कई भवनों का निर्माण किया जा रहा है। सिविल सर्जन ने बताया कि आने वाले समय में सरकारी अस्पताल में कई बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी।

अगली खबर

abr foundation school
  • 4 से 6 नवंबर तक सहरसा में आयोजित होगा राज्य स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता

रोहतास पत्रिका/सासाराम: बिहार के सहरसा में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सीनियर भारोत्तोलन प्रतियोगिता 2022 में रोहतास जिले के भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को सासाराम नगर निगम के पूर्व उपाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने ड्रेस किट प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया। बता दें कि सहरसा में 4 से 6 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के कुल 10 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

सभी चयनित खिलाड़ी नेकरा स्थित एबीआर फाउंडेशन स्कूल के विद्यार्थी हैं जिनको विद्यालय के सचिव डॉ पृथ्वी पाल सिंह की मौजूदगी में ड्रेस किट प्रदान किया गया। इस अवसर पर चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि जिले में खेल का कद काफी बढ़ा है। जिले के खिलाड़ी बिहार ही नहीं बल्कि देश के अन्य राज्यों में बेहतर प्रदर्शन करके अपने जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि ऐसे खिलाड़ियों को मौका मिले तो और बेहतर करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जिले में खेल के लिए संसाधनो का अभाव है। खेल के मैदान के साथ-साथ जिले में स्पोर्ट्स एकेडमी भी होना चाहिए ताकि विभिन्न खेलों से जुड़कर यहां के भी खिलाड़ी अपने हुनर का प्रदर्शन कर जिला ही नहीं बिहार का नाम रोशन कर सकें।

वहीं मौके पर मौजूद एबीआर फाउंडेशन स्कूल के सचिव डॉ पृथ्वी पाल सिंह ने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल के प्रति समर्पित है और इस विद्यालय के छात्र अधिकांश खेलों में अपना भागीदारी निभाते हैं और सफलता भी हासिल करते हैं। वही सहरसा में आयोजित राज्य स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को विद्यालय के सचिव डॉ पृथ्वी पाल सिंह एवं पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने शुभकामनाएं दिया।

प्रतियोगिता में शामिल होने वाली खिलाड़ी

तीन दिवसीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता के लिए जिले के कुल 10 खिलाड़ियों का चयन किया गया है जिसमे पुरुष वर्ग में शुभशेखर कुमार, वैभव प्रजापति, मिक्की कुमार, गौरव कुमार, सागर कुमार, भोला कुमार शामिल है जबकि महिला वर्ग में खुशी कुमारी, अमृता कुमारी, प्रियंका कुमारी, अंजली कुमारी शामिल है। वही कोच के रूप में सुधाकर कुमार एवं मैनेजर के रूप में स्वेता सिंह होंगी।

अगली खबर

lalganj nahar

रोहतास पत्रिका/सासाराम: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज नहर में शुक्रवार को एक किशोर डूब गया। घटना की सूचना पर पहुंचे गोताखोरों के घंटों मशक्कत के बाद भी डूबे किशोर का पता नहीं चल सका है। किशोर के डूबने से घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है, तो वहीं ग्रामीणों की घटनास्थल पर भीड़ जुटी हुई है। कई तैराक ग्रामीण नहर में उतरकर डूबे युवक की खोज करते रहे। लेकिन, डूबे किशोर का पता नहीं चल सका है।

डूबे किशोर लालगंज के स्व. सरोज सिंह का पुत्र बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लालगंज नहर पर छठ घाट बनाने गए किशोर बादल कुमार पैर धो रहा था। तभी फिसल कर नहर में गिर गया। साथ में छठ घाट बनाने गए एक किशोर अभय कुमार ने चचेरे भाई को डूबता देख उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। हालांकि पानी के तेज बहाव में वह भी बहने लगा।

दोनों किशोर डूबते देख लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। वही पास मौजूद कई तैराक ग्रामीणों ने दोनों डूब रहे किशोरों को बचाने के लिए पानी में उतर गए। काफी मशक्कत के बाद एक किशोर अभय को लोगों ने पानी से निकाल लिया। लेकिन दूसरा किशोर पानी में डूब गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। सूचना पर पुलिस गोताखोरों के साथ पहुंचकर डूबे युवक की खोजबीन में जुटी हुई है। हालांकि 12 घंटे की खोजबीन के बाद भी किशोर का कहीं पता नहीं चल सका है।

प्रशासन ने डूबे किशोर की खोज के लिए नहर का पानी भी बंद कराया है। थानाध्यक्ष रिजवान अहमद खान ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची हुई है। डूबे किशोर को खोजने का प्रयास किया जा रहा है, उम्मीद है की जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा।

अगली खबर

yagya

रोहतास पत्रिका/सासाराम: सासाराम प्रखंड के (तकिया) कुराईच नहर के समीप स्थित गीता घाट योग आश्रम में आयोजित 18 वां श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान महायज्ञ के सातवें दिन कृष्ण- सुदामा मिलन का कथा वाचन किया। कथावाचक गीता घाट बाबा के चरणानुरागी ब्रह्मचारी शंकरानंद जी महाराज ने कृष्ण और सुदामा मिलन के दृश्य को अपने शब्दों में बड़े ही मनमोहक तरीके से भक्तों के समक्ष प्रस्तुत किया। महायज्ञ में पहुंचे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने कृष्ण और सुदामा मिलन की कथा को बड़े ही ध्यानपूर्वक सुना।

वही झांकी के माध्यम से भी कृष्ण और सुदामा के मिलन को प्रस्तुत किया गया। बता दें कि 15 अक्टूबर को जल भरी यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान महायज्ञ की शुरुआत की गई थी। शनिवार को धनतेरस के दिन इस महायज्ञ का पूर्णाहुति की जाएगी। आयोजन कर्मियों ने बताया कि पिछले 18 वर्षों से यह यज्ञ होता आ रहा है। 7 दिन तक चलेवाले इस महायज्ञ में प्रतिदिन भंडारा का आयोजन किया जा रहा है जिसमें हजारों लोग भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।

आयोजक मंडल के लोगों ने बताया कि शनिवार को इस माहयज्ञ का समापन किया जाएगा और भंडारा का भी आयोजन किया जाएगा। महायज्ञ को सफल बनाने में नरेंद्र कुमार, अरविंद कुमार, डॉ कामेश्वर सिंह, रामाशंकर राय, संतोष कुमार राय (धर्मपुरा), सनी कुमार, बजरंगबली, हीरामन, रामाशीष राय, खरचू सिंह, डॉक्टर दुलारचंद सिंह, कृपालानंद, जलेश्वरानंद सहित अन्य लोग अहम भूमिका निभा रहे हैं।

अगली खबर

Covid vaccination
  • पिछले 10 दिनों में 10,963 लोगों की कोरोना जांच, मिले 3 संक्रमित

रोहतास पत्रिका/सासाराम: जिले में कोरोना संक्रमण का प्रभाव लगभग धीरे-धीरे समाप्त हो चुका है। हालांकि 1-2 मरीज कभी कभार मिल भी जा रहे हैं, इसलिए जांच अभियान को जारी रखा गया है,। ताकि संक्रमण के प्रसार को फैलने न दिया जाए। इसको लेकर जिला स्वास्थ्य समिति लगातार लोगों से सावधानी बरतने के लिए भी अपील कर रही है। इधर त्यौहार को देखते हुए जिला स्वास्थ्य समिति ने सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जांच अभियान को जारी रखने के लिए निर्देश दिया है।

छठ पर्व को लेकर दीपावली के समय से ही अन्य राज्यों से लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो जाता है। ऐसे में जिले में कोरोना के साथ साथ बढ़ते डेंगू रोग के लिए भी जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। कोरोना जांच किट से लेकर डेंगू जांच किट की उपलब्धता सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रचुर मात्रा में करा दी गई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को निर्देश भी दिए गए हैं कि बुखार, सर्दी खासी, बदन दर्द से पीड़ित व्यक्ति इलाज के लिए आते हैं तो उनकी कोरोना जांच के साथ साथ डेंगू जांच भी करायी जाए।

पिछले 10 दिनों में जिले में मिले 3 कोरोना पॉज़िटिव

कोरोना संक्रमण की बात करें तो रोहतास जिले में पिछले 10 दिनों के भीतर जिले के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में 10,963 लोगों का कोरोना जांच हुई,। इस दौरान महज 3 संक्रमित मरीज पाए गए । जिसमें 12 अक्टूबर को 0, 13 अक्टूबर को 0, 14 अक्टूबर को 0, 15 अक्टूबर को 0, 16 अक्टूबर को 1, 17 अक्टूबर को 0, 18 अक्टूबर को 1, 19 अक्टूबर को 0, 20 अक्टूबर को 1 एवं 21 अक्टूबर को 0 संक्रमित व्यक्ति पाए गए। जिला स्वास्थ्य समिति से मिली जानकारी के अनुसार अभी जिले में कोरोना संक्रमित एक्टिव मरीजों की संख्या महज 3 है । जिन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया गया है।

टीकाकरण अभियान में तेजी

कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर जारी टीकाकरण अभियान को भी लगातार जारी रखा गया है। तयौहारों को देखते हुए टीकाकरण अभियान में भी तेजी लाई गई है, ताकि अन्य राज्यों से लौट रहे लोगों को वंचित डोज से टीकाकृत किया जा सके। रोहतास जिले में अब तक 43 लाख से अधिक लोगों को टीकाकृत किया जा चुका है। जिसमें प्रथम डोज का टीका लेने वालों की संख्या 20 लाख 46 हजार से अधिक है। वहीं दूसरी डोज लेने वालों की संख्या 18 लाख 40 हजार तथा प्रीकॉशन डोज लेने वालों की संख्या 4 लाख 20 हज़ार से अधिक है।

क्या कहते हैं सिविल सर्जन

रोहतास के सिविल सर्जन डॉ केएन तिवारी ने बताया कि रोहतास जिला संक्रमण के मामले काफी हद तक बेहतर स्थिति में है। त्यौहार को देखते हुए संक्रमण के साथ-साथ डेंगू बीमारी पर भी नजर रखी जा रही है। लोगों की जांच की जा रही है। वहीं जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ आर के पी साहू ने बताया कि जिले में प्रथम एवं दूसरे डोज लेने वालों की संख्या काफी बेहतर है। प्रीकॉशन डोज को लेकर लोगों में थोड़ी सुस्ती देखी जा रही है। डॉ साहू ने बताया कि प्रीकॉशन डोज से वंचित लोगों को टीकाकृत करने के लिए लगातार प्रयास जारी है। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण किया जा रहा है।

ताज़ा खबरें