रोहतास पत्रिका/सासाराम: कोरोना महामारी की वजह से अन्य स्वास्थ्य सेवाओ के साथ साथ नियमित टीकाकरण अभियान में आई कमी को देखते हुए लगातार अभियान चलाकर सभी स्वास्थ सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। साथ ही साथ नियमित टीकाकरण में आई कमी को भी गति देने के लिए लगातार अभियान चलाकर नियमित टीकाकरण को गति दी जा रही है।
इसी के तहत सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान चलाकर 0 से 23 महीने के बच्चों के साथ साथ गर्भवती महिलाओं को टीकाकृत करने के लिए सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान चलाया जा रहा है। टीबी, हेपेटाइटिस बी, पोलियो, गलघोटू, काली खांसी, टेटनस, इनफ्लुएंजा, निमोनिया, खसरा, रूबेला, जापानी इंसेफेलाइटिस तथा रोटावायरस जैसी 12 जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए चलाये गए अभियान के दूसरे चक्र के दौरान रोहतास जिले में शत प्रतिशत सफलता हासिल की गई है।
लक्ष्य से अधिक गर्भवती महिलाओं को किया गया टीकाकृत
अभियान का दूसरा चक्र 4 अप्रैल से शुरू होकर 10 अप्रैल तक चला। इस दौरान प्रचण्ड गर्मी व लू के बावजूद भी स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर छोटे बच्चों व गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया। साथ ही साथ स्लम एरिया, झोपड़पट्टी, महादलित बस्ती एवं ईट- भट्टों पर काम करने वाले लोगों के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं की जांच करके टीकाकृत किया गया। जिला स्वास्थ समिति से मिली जानकारी के अनुसार दूसरे चक्र के अभियान के लिए कुल 17530 लक्षित बच्चों में से 17504 बच्चों को टीकाकरण किया गया। वही 2960 लक्षित गर्भवती महिलाओं के विरुद्ध 3197 महिलाओं को टीकाकृत किया गया। वही इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में कुल 1869 सत्र बनाए गए थे।
सभी के मेहनत से अभियाम हुआ सफल: डीआईओ
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉक्टर आरकेपी साहू ने कहा कि लक्षित बच्चों एवं महिलाओं को टीकाकरण कराने में गर्मी व धूप एक बड़ी समस्या दिखाई दे रही थी। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों के लिए यह अभियान चुनौती लग रही थी। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य कर्मियों एवं सहयोगी संस्थाओं की कड़ी मेहनत की वजह से लक्ष्य को को शत प्रतिशत पूरा करने में भरपूर सहयोग मिला। इस अभियान को सफल बनाने में अभियान से जुड़े सभी स्वास्थ्य कर्मियों ने अपना भरपूर योगदान दिया और इस वजह से सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान का दूसरा चक्र हमारे जिले में शत प्रतिशत पूर्ण हो गया।