सासाराम: जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी समेत 12 सैनिकों के निधन पर भारतीय युवा क्रांति मोर्चा के द्वारा आज सासाराम के गांधी चौक से पोस्ट ऑफिस चौक तक कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान मोर्चा के सदस्यों द्वारा हिंदुस्तान और वीर जवानों का जयकारा भी लगाया गया। मोर्चा के सदस्यों द्वारा 2 मिनट का मौन रखकर शोक प्रकट किया गया। मोर्चा के संस्थापक सह संयोजक रवि रंजन सिंह ने कहा कि, “जनरल बिपिन रावत का यूं अचानक चले जाना देश के लिए काफी दुखदाई है। उनका स्थान हमेशा खाली रहेगा, देश के प्रति रावत का योगदान सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा।”
आपको बता दें कि विगत 8 दिसंबर को तमिलनाडु के कुन्नूर में देश को दहला देने वाली घटना सामने आई थी। वायु सेना विमान दुर्घटना में तीनों सेनाओं के प्रमुख जनरल बिपिन रावत एवं उनकी पत्नी समेत 11 वीर जवान शहीद हो गए। आपको बता दें कि जनरल बिपिन रावत डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कालेज वेलिंग्टन के छात्रों और अधिकारियों से रूबरू होने के लिए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम पर जा रहे थे।
भारतीय वायु सेना के एमआई 17 वी 5 हेलिकाप्टर ने कल (बुधवार) 11.48 मिनट पर सुलूर एयर बेस से अपनी उड़ान भरा जिसे 12 बजकर 15 मिनट पर वेलिंग्टन में उतरना था। सुलूर एयर बेस के वायु यातायात नियंत्रण कक्ष ने लगभग 12 बजकर 08 मिनट पर हेलिकाप्टर से अपना संपर्क खो दिया। बाद में कुन्नूर के पास जंगल में स्थानीय लोगों ने आग लगी देखी। जब वे उस स्थान पर भागकर पहुंचे तो उन्होंने सैन्य हेलिकॉप्टर के अवशेष को आग की लपटों में घिरा हुआ देखा। स्थानीय प्रशासन से एक बचाव दल उस जगह पहुंचा। बचाव दल ने उसमें से सभी को निकालने का प्रयास किया। हालांकि पायलट को छोड़कर किसी को बचाया नहीं जा सका।


