Sanjeev Kumar

मैं रोहतास पत्रिका के साथ ईमानदार पत्रकारिता करने की कोशिश कर रहा हूँ, जिसका सरोकार आम जनता से है। अभी तक का मेरा सफ़र एक डिजिटल जर्नलिस्ट के तौर पर रहा है। मुझे क्राइम से जुड़ें घटनाओं पर लिखना पसंद है।

अगली खबर

sasaram railway station

रोहतास पत्रिका/सासाराम: 9 जून गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस के अवसर पर सासाराम सहित विभिन्न स्टेशनों के समपार फाटकों पर जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसमें आमलोगों को समपार फाटकों पर सदैव सतर्क रहने और उन्हें पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।

इस क्रम में पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेलवे जंक्शन पर स्काउट एवं गाइड के सदस्यों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गयी एवं लोगों को समपार फाटक पार करते समय विशेष रूप से सावधान रहने के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही डीडीयू जंक्शन एवं पास के समपार फाटक संख्या 83/बीटी पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी जागरूकता का प्रचार-प्रसार किया गया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डीडीयू मंडल के वाणिज्य प्रबंधक सह जनसंपर्क अधिकारी धीरज कुमार ने बताया की अंतर्राष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस के अवसर पर डीडीयू जंक्शन सहित डीडीयू मंडल के सासाराम जंक्शन, मानपुर, गया, रफीगंज, अनुग्रह नारायण रोड, करवंदिया, कुम्हऊ, जपला, हैदरनगर, नवीनगर, विक्रमगंज, नोखा, पीरो, गड़हनी, चंदौली मझवार आदि स्टेशनों के समपार फाटक पर जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसके अंतर्गत लोगों को नुक्कड़ नाटक एवं पैम्फलेट वितरण आदि के माध्यम से जागरूक किया गया।

मंडल में इस जागरूकता अभियान में रेलकर्मियों एवं स्काउट व गाइड के सदस्यों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। स्टेशनों पर यात्रियों के साथ साथ समपारों पर राहगीरों व आसपास के निवासियों को भी समपार फाटक को पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि जब फाटक बंद अवस्था में हो तो कभी भी अन्य तरीके से ज़बरदस्ती पार न करें और न ही फाटक खोलने को कहें। फाटक को धक्का न दें । रेलवे इसमें सहयोग की अपील करती है।

विदित हो कि समपार फाटक पर किसी भी अप्रिय घटना से बचाव हेतु जागरूकता को लेकर अक्सर ऐसे कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। सभी आम लोगों से समपार फाटकों पर सदैव अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा वहां सभी संकेतों एवं निर्देशों का कभी भी अनदेखी न करने एवं उनका विधिवत पालन करते हुए सुरक्षित रेलवे ट्रैक पार करना अपेक्षित है।

अगली खबर

Arresting in murder case

रोहतास पत्रिका/सासाराम: तिलौथू थाना क्षेत्र अंतर्गत मित्रसेनपुर में एक माह पूर्व अज्ञात अपराधियों द्वारा एक घर में घुसकर चोरी करने का प्रयास किया जा रहा था। इस दौरान चोरों को घर में मौजूद महिला द्वारा रोकने का प्रयास किया गया। इसी दौरान अज्ञात चोरों द्वारा सुरेश राम की पत्नी राधिका देवी की गला दबाकर हत्या कर दिया गया था। इस मामले में आज पुलिस के हाथ कामयाबी लगी है।

एक माह बाद दो गिरफ्तार

घटना के एक महीने बाद तिलौथू थाना को कामयाबी मिली है। इस घटना में संलिप्त दो अपराध कर्मियों को आज गुप्त सूचना के आधार पर सेवई और मित्रसेनपुर से गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में रोहतास एसपी आशीष भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए तिलौथू थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम के द्वारा घटना में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किया जा रहा था।

इस संबंध में विशेष टीम को जानकारी मिली कि घटना में संलिप्त अपराध कर्मी तिलौथू थाना क्षेत्र के सेवई और मित्रसेनपुर गांव में छिपे हुए हैं। सूचना पर गांव की घेराबंदी करते हुए मित्रसेनपुर निवासी बिगन चंद्रवंशी का पुत्र रविंद्र कुमार एवं सुभाष चंद्रवंशी का पुत्र अमरजीत उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया गया है। दोनों अपराधियों द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की गई है।

तकनीकी अनुसंधान के अनुसार हुई अपराधियों की हुई गिरफ्तारी

रोहतास एसपी ने विशेष जानकारी देते हुए बताया कि इस कांड में शामिल अज्ञात अपराधियों की पहचान हेतु पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। वही प्रारंभिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अपराधियों के ठिकाने पर छापेमारी किया जा रहा था। गिरफ्तारी के बाद दोनों अपराध कर्मियों का अपराधिक इतिहास भी विशेष टीम के द्वारा पता लगाया जा रहा है। घटना में संलिप्त अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु अनुसंधान जारी है।

अगली खबर

inspection of dto office

रोहतास पत्रिका/सासाराम: डीएम धर्मेंद्र कुमार सासाराम स्थित जिला परिवहन कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय में बगैर किसी कार्य के पहुंचे लोगों की जानकारी ली और उन्हें बाहर निकाला गया। बता दें कि जिला परिवहन विभाग में दलालों का जमावड़ा देखा जाता है जिसकी खबरें हमेशा देखने और सुनने को मिलती है। इसी के तहत डीएम धर्मेंद्र कुमार जिला परिवहन कार्यालय पहुंचे।

जिलाधिकारी का परिवहन कार्यालय में पहुंचते ही विभाग में हड़कंप मच गई। बता दें कि जिला परिवहन विभाग में अनाधिकृत व्यक्तियों का आना जाना लगा रहता है इसकी शिकायत मिलने पर जिला अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने विभाग का औचक निरीक्षण किया। परिवहन कार्यालय के सभी काउंटर की जांच करते हुए उपस्थित आम जनों से सुविधा प्राप्ति के संबंध में प्रतिक्रिया जाना।

उन्होंने एक माह में लर्निंग लाइसेंस एवं ड्राइविंग लाइसेंस के समय सीमा से अधिक लंबित पड़े लाभुकों की सूची जिला परिवहन पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही साथ लर्निंग लाइसेंस की परीक्षा हेतु वर्तमान में चिन्हित स्थान को दूसरे स्थल पर परिवर्तन करने के लिए दिशा निर्देश भी दिया।

कार्यालय में मौजूद लोगों से जानकारी लेते जिलाधिकारी

14 दिनों के सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए टीम गठित

परिवहन कार्यालय में अनाधिकृत पहुंचने वाले लोगों को लेकर जिलाधिकारी ने परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि परिवहन कार्यालय में आगंतुकों का प्रवेश सीसीटीवी की निगरानी में कराते हुए आगंतुक पंजी में उनकी पूरी जानकारी देना सुनिश्चित करें। साथ ही साथ गत 14 दिन पूर्व के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने के लिए वरीय उप समाहर्ता रश्मि सिंह एवं आईटी प्रबंधक को निर्देश दिया है।

सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं निरीक्षण के क्रम में परिवहन कार्यालय के चलंत गार्ड अमर कुमार दुबे एवं विकास कुमार के विरुद्ध कार्यालय संस्कृति के अभाव से संबंधित शिकायतें प्राप्त होने पर उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई। इसके अलावा परिवहन गार्ड डीके शर्मा के विरुद्ध अवैध रूप से वसूली की शिकायत को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही साथ गार्ड के वेतन निकासी पर तत्काल रोक लगा दिया है।

इसके अलावा गार्ड के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए विभाग को पत्राचार करने के लिए जिला परिवहन अधिकारी को निर्देश दिया है। वही निरीक्षण के क्रम में कार्यालय में लंबे अवधि से आवश्यक सामग्री को देखते हुए जिलाअधिकारी ने सभी बेकार सामग्रियों को विनिष्टिकरण करने के लिए विभाग को सूचित करने के लिए निर्देश दिया है। इसके साथ-साथ कार्यालय में साफ सफाई, कर्मियों के पास पहचान पत्र एवं पदनाम पट तथा कार्यालय संस्कृति का अभाव को देखते हुए 1 सप्ताह के अंदर सभी कमियों को दूर करने के लिए निर्देश दिया है।

Source: Bihar Tv 24

अगली खबर

chatisgarh durg

रोहतास पत्रिका/डेहरी: जिले के डेहरी शहर की एक बेटी ने हेमचंद यादव विश्वविद्यालय रायपुर दुर्ग से बायोटेक्नोलॉजी की स्नातकोत्तर उपाधि लेते हुए विश्वविद्यालय में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। डेहरी की उक्त बेटी द्वारा ली गयी उक्त गरिमामयी उपाधि से पूरा शहर गौरवान्वित महसूस कर रहा है। यह खबर सुनते ही श्वेता को बधाई देने वालों का तांता लग गया।

आपको बता दे, शहर के पानी टंकी मुहल्ला वार्ड  नं-33 के निवासी अशोक कुमार शर्मा की पुत्री कुमारी श्वेता शर्मा ने हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, रायपुर दुर्ग, छत्तीसगढ़ की इकाई महाविद्यालय सेंट थॉमस कॉलेज, भिलाई दुर्ग, छत्तीसगढ़ से बायोटेक्नोलॉजी से स्नातकोत्तर करते हुए विश्वविद्यालय में दूसरा स्थान प्राप्त कर शहर का नाम रोशन किया है।

परीक्षा परिणाम की सूचना मिलते ही कुमारी श्वेता के परिजनों शहरवासियों में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार के लोगों को बधाई देने के लिए शहरवासियों का उनके घर पर आना जाना लगा रहा। अपनी सफलता के लिए कुमारी श्वेता ने परिजनों  के साथ-साथ शिक्षकों व अपने शुभचिंतकों को देते हुए सभी का आभार जताया है। श्वेता की इस उपलब्धि पर बधाई देने वालों में उपेंद्र मिश्रा,विनय चंचल, प्रदीप शर्मा, अवधेश शर्मा, डॉ अमरदीप कुमार, अरुण शर्मा, रंजीत शर्मा, गोविंदा मिश्रा आदि प्रमुख हैं।

 

अगली खबर

sub division nokha

रोहतास पत्रिका/नोखा: नोखा को अनुमंडल बनाओ संघर्ष समिति की बैठक बुधवार को काली मंदिर धर्मशाला में की गई। समिति के माखन चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कहा गया कि नोखा को अनुमंडल बनाने के लिए बहुत पहले से ही संघर्ष जारी है। इस दौरान कई दलों की सरकार आयी और गयी, लेकिन इस जनाकांक्षाओं पर किसी ने ध्यान तक नहीं दिया। अब इसके लिए आंदोलन तेज करना होगा।

इसके मद्देनजर निर्णय लिया गया कि नोखा प्रखंड के सभी गांवों से हस्ताक्षर अभियान चलाकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। अनुमंडल बनाओ समिति के सचिव पूर्व शिक्षक श्याम बिहारी चौधरी ने कहा कि संघर्ष को अब तेज करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संघर्ष में जनप्रतिनिधियों को आगे आने की जरूरत है। विधायक और विधान पार्षद को बैठक में आमंत्रित किया जाए।

इस अवसर पर उमा श्याम बिहारी सिंह, नगर पैक्स अध्यक्ष सुखदेव प्रसाद शोंडिक, पश्चिमी जिला पर्षद रवि शंकर सिंह, राजा राम पटेल, पूर्व मुखिया मालबाबू, पूर्व नगर अध्यक्ष बृजविहारी प्रसाद गुप्ता, जमील अंसारी, इन्तियाज अली शिक्षक, संजय कुमार गुप्ता उर्फ भोला जी, राजंद्र सिंह, पूर्व पार्षद राजू कुमार, उमेश पासवान सहित कई गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

ताज़ा खबरें